भोपाल में लापरवाह ड्राइविंग का कहर: एक दिन में 6 सड़क हादसे, हमीदिया अस्पताल में एंबुलेंस की टक्कर से 7 घायल

0
2

भोपाल | DRNewsIndia

राजधानी भोपाल में लापरवाह और तेज रफ्तार वाहन चलाने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं के छह मामले सामने आए। इनमें सबसे गंभीर हादसा हमीदिया अस्पताल परिसर में हुआ, जहां कथित रूप से नशे की हालत में सरकारी एंबुलेंस चला रहे चालक ने इमरजेंसी वार्ड के बाहर खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 7:40 बजे हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास हुई। घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में कोहेफिजा थाना पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डायल-112 वाहन से टकराया तेज रफ्तार ऑटो

पिपलानी थाना क्षेत्र में कंट्रोल रूम से लौट रही डायल-112 की एफआरवी को एक तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुआ, हालांकि उसमें सवार पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

घर के बाहर खेल रही बच्ची घायल

कटारा हिल्स क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बच्ची को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

कार की टक्कर से एक परिवार घायल

छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दंपती और उनके दो बच्चे घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बुजुर्ग घायल, डंपर की चपेट में आया बछड़ा

पिपलानी क्षेत्र में एक बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग घायल हो गए। वहीं रातीबड़ के नीलबड़ चौराहे पर डंपर की टक्कर से एक गाय और उसका बछड़ा घायल हो गए। उपचार के दौरान बछड़े की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here