गुना | मधुसूदनगढ़ के शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय का जर्जर भवन ढहने की घटना के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुना में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जर्जर स्कूल भवनों को गिराने और उन पर कार्रवाई की मांग को लेकर सीधे JCB मशीन लेकर शहर के बीच स्थित MLB स्कूल पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया।
रविवार को हुआ था हादसा, टली बड़ी जनहानि
मधुसूदनगढ़ के शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में रविवार को जर्जर भवन का एक कक्ष अचानक भरभराकर गिर गया।
हादसे से जुड़े मुख्य बिंदु:
- छुट्टी का दिन: हादसा रविवार को होने के कारण स्कूल में छात्राएं और स्टाफ मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
- चार-पांच साल से उपेक्षा: स्कूल स्टाफ के अनुसार, भवन की खस्ताहाल स्थिति को लेकर पिछले 4-5 वर्षों से लगातार प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायतें दी जा रही थीं।
- बढ़ा खतरा: एक कक्ष गिरने के बाद आसपास के अन्य कमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ABVP का दावा: जिले में 200 स्कूल जर्जर, चेतावनी के बाद भी नहीं हुआ एक्शन
ABVP कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन को जर्जर भवनों की स्थिति से पहले ही अवगत कराया जा चुका था।
प्रशासन से सवाल: “करीब 200 ऐसे स्कूल चिन्हित किए गए हैं जो जर्जर हैं और कभी भी गिर सकते हैं। 7 अप्रैल और 24 जून को प्रशासन व शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपा गया था। अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो मधुसूदनगढ़ का हादसा टाला जा सकता था।”

‘JCB का बहाना नहीं चलेगा’, एसडीएम के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रशासन के पास जर्जर भवन गिराने के लिए JCB नहीं है, तो वे खुद JCB लेकर आए हैं।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी:
- सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन अलर्ट: कोतवाली पुलिस के साथ SDM शिवानी पांडे और तहसीलदार मयंक तिवारी मौके पर पहुंचे।
- 2 सप्ताह का आश्वासन: अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से वार्ता की और दो सप्ताह के भीतर जर्जर भवनों पर उचित कार्रवाई करने का लिखित/मौखिक आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।




