drnewsindia.com / दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन मध्यक्रम के ध्वस्त होने से टीम दबाव में आ गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 17.2 ओवर में 9 विकेट खोकर 137 रन बना लिए हैं।
क्रीज पर इस समय क्रांति गौड और श्री चरणी मौजूद हैं। थाईलैंड ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था।
शेफाली की 64 रनों की आतिशी पारी, पावरप्ले में भारत का दबदबा
ओपनर स्मृति मंधाना (19 रन) के जल्दी रनआउट होने के बाद शेफाली वर्मा और डेब्यू कर रहीं प्रतिका रावल (22 रन) ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों पर 64 रन (8 चौके, 3 छक्के) बनाए और अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का 19वां अर्धशतक जड़ा। भारत ने पावरप्ले के 6 ओवरों में 1 विकेट के नुकसान पर 65 रन बनाए थे।
सुलेपोर्न लाओमी का कहर: लगातार 2 गेंदों पर लिए 2 विकेट
91 के स्कोर पर प्रतिका रावल का विकेट गिरने के बाद भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई:
- हरमनप्रीत फ्लॉप: कप्तान हरमनप्रीत कौर 5 रन बनाकर थिपाचा पुथावोंग की गेंद पर आउट हुईं।
- डबल झटका: 13वें ओवर में थाईलैंड की सुलेपोर्न लाओमी ने लगातार दो गेंदों पर पहले सेट बल्लेबाज शेफाली वर्मा और फिर ऋचा घोष (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
- निचला क्रम पस्त: दीप्ति शर्मा (5 रन) रनआउट हुईं, जबकि भारती फुलमाली 13 रन बनाकर कैच आउट हुईं।
मैच के मुख्य आकर्षण व रिकॉर्ड्स
- दीप्ति शर्मा का 150वां मैच: ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा अपना 150वां टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल रही हैं। वह यह मुकाम हासिल करने वाली तीसरी भारतीय और दुनिया की 12वीं महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
- प्रतिका रावल का डेब्यू: भारतीय टीम में प्रतिका रावल को टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू कैप सौंपी गई।
- जेमिमा बाहर: स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
- भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड, नंदनी शर्मा।
- थाईलैंड: अपिसरा सुवानचोनराठी, फन्निता माया, नन्नापत कोनचारोएनकाई (विकेटकीपर), नत्थाकन चन्थम, चनिदा सुथिरुआंग, नाओमी हैमिल्टन, सुलेपॉर्न लाओमी, नन्नाफट चाइहान, सुनीदा चतुरोंगरत्तना, ओननिचा कामचोम्फू, थिपाचा पुथावोंग (कप्तान)।




