शिव शक्ति प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं और समाजसेवियों का हुआ सम्मान

0
38

शिव शक्ति प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान

श्यामपुर। क्षत्रिय दांगी समाज कल्याण समिति जिला सीहोर के तत्वावधान में रविवार को भगवान श्री भोलेनाथ गुफा मंदिर, सोंठी में शिव शक्ति प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की। इस दौरान समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के साथ जनप्रतिनिधियों, पूर्व एवं वर्तमान पटेल, सरपंचों और शासकीय सेवाओं से जुड़े सदस्यों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर रहे। क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय सहित समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष मांगीलाल पटेल और अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों की ओर से अतिथियों का पुष्पहार एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई शुरुआत

प्रतिभा सम्मान समारोह

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हीं बच्चियों द्वारा मां सरस्वती की वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इसके बाद जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे दांगी समाज के पूर्व एवं वर्तमान पटेल, सरपंच, जनप्रतिनिधियों तथा शासकीय सेवाओं में कार्यरत और सेवानिवृत्त सदस्यों का ग्रामवार प्रमाण पत्र, पुष्पहार और सम्मान प्रदान कर अभिनंदन किया गया। बमूलिया दोराहा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

शिक्षा और सामाजिक विकास पर जोर

मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने समिति की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए संगठन, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सीहोर जिले में समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

विधायक सुदेश राय ने भी समिति की गतिविधियों की सराहना की। समारोह के दौरान जिला मुख्यालय पर समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की आवश्यकता का मुद्दा उठाया गया। विधायक ने छात्रावास निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया।

सामाजिक कार्यों के लिए सहयोग की घोषणाएं

समारोह के दौरान समाज की जिला समिति की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों के लिए समाजबंधुओं ने सहयोग राशि देने की घोषणाएं कीं। आयोजकों के अनुसार 5,100 रुपए से लेकर 1.51 लाख रुपए तक की राशि देने की घोषणाएं हुईं। समिति को करीब 3.50 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई, जबकि लगभग 15 लाख रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणाएं की गईं।

बड़ी संख्या में समाजबंधु हुए शामिल

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बाबूलाल पटेल ने की। संचालन समिति के सचिव भीकम सिंह दांगी, शिक्षक तथा डॉ. जीवन सिंह ने किया। युवा जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह दांगी एवं उनकी टीम तथा सोंठी ग्राम समिति ने आयोजन में सहयोग किया।

समारोह में पूर्व सामाजिक जिला अध्यक्ष हमीर सिंह दांगी, नारायण सिंह दांगी, राम सिंह दांगी, शिक्षक निर्मल सिंह दांगी, नर्मदा दांगी, शिक्षक शिवचरण दांगी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। सामूहिक भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here