भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर बुधवार को ग्राम झिरनिया में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एनएचएआई के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान जमीन पर संचालित अवैध ढाबों और दुकानों को ध्वस्त कर भूमि का कब्जा एनएचएआई को सौंप दिया गया।
कार्रवाई के लिए एसडीएम सोनकिया, अतिरिक्त तहसीलदार अतुल शर्मा, थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा, एनएचएआई के एसई अंकित सिंह सहित राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन के अनुसार एनएचएआई को पौधरोपण के लिए उपलब्ध कराई गई 72.618 हेक्टेयर यानी करीब 180 एकड़ भूमि पर लंबे समय से अवैध ढाबे और दुकानें संचालित हो रही थीं। कार्रवाई के दौरान प्रिंस और अलीम ढाबे सहित अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया।
कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर जमीन का अनुमानित मूल्य करीब 61 करोड़ रुपए बताया गया है। प्रशासन ने कार्रवाई पूरी करने के बाद भूमि एनएचएआई को सौंप दी। इस भूमि पर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र विकसित करने के उद्देश्य से करीब 7 हजार पौधे लगाए जाने की योजना है।अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक, पटवारी करन जाटव सहित राजस्व और पुलिस बल मौजूद रहा।





