drnewsindia
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन की ओर से शुक्रवार को प्रस्तावित प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया। अब यह कार्यक्रम शनिवार को दोपहर 3 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सरकारी आवास पर आयोजित किया जाएगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को विपक्षी नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
राहुल गांधी ने कहा कि बारिश में वरिष्ठ नेताओं को बैठने में परेशानी होती, इसलिए सभी दलों ने कार्यक्रम एक दिन आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। प्रस्तावित कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगी। मल्लिकार्जुन खड़गे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव रखेंगे, जबकि राहुल गांधी समापन संबोधन देंगे।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप
विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर पक्षपातपूर्ण रवैये और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं। विपक्ष का दावा है कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। हालांकि, निर्वाचन आयोग का कहना है कि पुनरीक्षण का उद्देश्य अपात्र और दोहराव वाली प्रविष्टियों को हटाना है तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है।
रविवार को रामलीला मैदान में रैली
राहुल गांधी ने रविवार को रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से दिल्ली आने वाले लोगों को रोका जा रहा है।
समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी विपक्षी एकजुटता की बात कही और बताया कि अखिलेश यादव रैली में शामिल होंगे। तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन ने भी गठबंधन की एकजुटता दोहराई।




