विदिशा। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2027 के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विदिशा जिले के जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार सहित जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को प्रवेश परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यालय के प्राचार्य ने उपस्थित सभी अधिकारियों का स्वागत किया और परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
बताया गया कि जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें शमशाबाद, लटेरी, गंजबासौदा, सिरोंज, विदिशा, कुरवाई और ग्यारसपुर सहित अन्य केंद्र शामिल हैं।
अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन, व्यवस्थाओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के सीसीए प्रभारी एवं स्नातकोत्तर शिक्षक (अंग्रेजी) मनोज कुमार वर्मा ने किया।




