भोपाल \ में भेल के पिपलानी आदर्श मार्केट में शनिवार को पेड़ का 30वां जन्मदिन मनाया गया। सुबह केक काटा गया और लोगों मुंह मीठा कराया गया। नीम के पेड़ का बर्थ-डे मनाने के पीछे लोगों को यह संदेश देना है कि पेड़ों से प्यार करें। उन्हें काटे नहीं। हर साल बड़े स्तर पर पौधे लगाएं और उन्हें बच्चों की तरह पाले।
व्यापारियों ने 21 जून 1995 को नीम का पौधा लगाया था, जो अब पेड़ का आकार ले चुका है। पहले साल से ही व्यापारी पेड़ का जन्मदिन मना रहे हैं। शनिवार को 31वां साल शुरू हो गया। इसलिए सुबह 11 बजे जन्मोत्सव की शुरुआत की गई।
निगम कमिश्नर थे मुख्य अतिथि
इस मौके पर मुख्य अतिथि नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण, विशेष कार्य बल शाखा के पुलिस अधीक्षक राजेश भदौरिया, भेल महाप्रबंध जीपी बघेल, शैलेंद्र महाजन, हेम राम पटेल, संतोष गुप्ता, टीयू सिंह, कार्यक्रम संयोजक अमूल्य देवता के साथ ही उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सुधीर पंड्या थे। आयोजन की अध्यक्षता भेल के पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक विजय जोशी ने की। इस अवसर पर सामाजिक योगदान के लिए अपना घर की संचालिका माधुरी मिश्रा का सम्मान भी किया गया।