शहर के मातामंड निवासी एक 21 वर्षीय नवविवाहिता ने राजगढ़ के पास अपने मामा के गांव चैनपुरिया में कुएं में कूदकर जान दे दी। नवविवाहिता ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया है, जिसमें उसने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए है। रात 11 बजे परिजनों को शव कुएं में उतराता मिला। यहां बता दें, ईशा पुत्री राजू वर्मा की 11 अप्रैल 2025 में गुना जिले के तोई गांव निवासी मनोज वर्मा से शादी हुई थी। नवविवाहिता के भाई जीवन का कहना है कि शादी के बाद से ही उसके
ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे। जिससे वह ससुराल में नहीं रह पा रही थी। कुछ दिन पहले ही वह ब्यावरा अपने मायके आई थी। जहां सोमवार दोपहर उसने कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। देहात पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर जीरो पर मामला दर्ज कर राजगढ़ कोतवाली भेज दिया है। देहात थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि महिला ने कुएं में कूदकर जान दी है। परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर भेज दिया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
पति की धमकी के बाद भाई ने मामा के गांव छोड़ा
मृतक के भाई जीवन ने बताया कि रविवार को पति मनोज ब्यावरा आया था। मातामंड मोहल्ले में घर पहुंचा और ईशा के साथ गाली-गलौच करने लगा और धमकी दे रहा था। जिससे डर के कारण उसे सोमवार सुबह 8 बजे चैनपुरिया छोड़कर आया था। जहां वह दोपहर 2 बजे अचानक लापता हो गई।
आसपास गांव में ढूंढने के बाद भी उसका पता नहीं चला। परिजन जब गांव के कुओं में देखने पहुंचे तो पार पर दुपट्टा, चप्पल और मोबाइल रखा मिला। साथ ही शव कुएं में उतरा रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।