लव जिहाद-ड्रग माफिया पर कड़ा शिकंजा, बहनों को हर महीने 1500 रुपए : CM डॉ. यादव

0
17

drnewsindia.com/भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन महोत्सव में कहा कि महिलाओं पर कुदृष्टि डालने वाले, लव जिहाद और ड्रग माफिया में लिप्त अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए संकल्पित है और अपराधियों को ठिकाने लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद भाई-दूज से प्रदेशभर की लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की सौगात मिलेगी। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 35% आरक्षण और उद्योगों में कामकाजी बहनों को 5000 रुपए प्रतिमाह प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने राजधानी के हुजूर क्षेत्र में 200 करोड़ की लागत से सीवर लाइन और अन्य विकास कार्यों की भी घोषणा की।”

महिलाओं के लिए नई सौगातें और आरक्षण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शासकीय सेवाओं में महिलाओं को 35% आरक्षण प्रदान कर रही है। साथ ही, उद्योगों में कार्यरत बहनों को, विशेषकर गारमेंट जैसे रोजगारपरक उद्योगों में, 5000 रुपए प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया है। हाल ही में रक्षाबंधन पर बहनों को 250 रुपए शगुन की राशि भी दी गई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में हमारी बहनें विधायक, सांसद ही नहीं बल्कि अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी निर्वाचित होंगी। उन्होंने देवी अहिल्याबाई होल्कर, रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और रानी कमलापति को साहस, शौर्य और सुशासन की प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

हुजूर क्षेत्र में 200 करोड़ के विकास कार्य

रक्षाबंधन महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी घोषणा की कि राजधानी भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र में 200 करोड़ रुपए की लागत से सीवर लाइन सहित बड़े अधोसंरचनात्मक विकास कार्य किए जाएंगे।

स्थानीय विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव बहनों की सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रहे हैं। रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशभर की बहनों ने अपने भाई और मुख्यमंत्री को राखी बांधकर इस रिश्ते की परंपरा को और मजबूत किया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here