भोपाल में कुख्यात शिकारी जफर बैग गिरफ्तार, ऑर्डर पर शादी-पार्टियों में सप्लाई करता था मीट

0
12

भोपाल / की टीला जमालपुरा पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात शिकारी जफर बैग उर्फ धार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर की लाइसेंसी राइफल और एक छुरी जब्त की है। जांच में सामने आया कि जफर लंबे समय से अवैध शिकार और मांस की सप्लाई के धंधे से जुड़ा हुआ था।

ऑर्डर पर करता था शिकार का मीट सप्लाई

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। जफर ने बताया कि वह ऑर्डर मिलने पर शादी और पार्टियों में शिकार का मांस सप्लाई करता था। इसमें काले हिरण सहित कई संरक्षित वन्य प्राणियों का मांस शामिल होता था। मांस की कीमत 300 से 500 रुपये किलो तक तय की जाती थी। आरोपी का गिरोह बड़े पैमाने पर इस अवैध धंधे को अंजाम देता था।

फहीम बम गिरोह से संबंध

जफर का संबंध कुख्यात अपराधी फहीम बम के गिरोह से है। यह गिरोह संगठित रूप से वन्य प्राणियों की हत्या और उनके मांस-अंगों की बिक्री में सक्रिय है। टीआई डीपी सिंह के अनुसार, 11 जुलाई को तलैया इलाके में रहने वाले फहीम के घर पर फॉरेस्ट विभाग ने रेड की थी। वहां से बड़ी मात्रा में वन्य जीवों का मांस बरामद हुआ था। उस मामले में फहीम का बेटा हुजेफा शेख गिरफ्तार हुआ था। पूछताछ के दौरान ही जफर का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने बैरसिया बस स्टैंड से उसे दबोच लिया।

रिजर्व एरिया में करता था शिकार

जफर ने यह भी स्वीकार किया कि वह और उसके साथी रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में भी शिकार करते थे। उन्होंने चिड़िखो, राजगढ़, सागर और तवा डैम सहित रायसेन के जंगलों में कई बार अवैध शिकार किया। इसके लिए गिरोह काले और सफेद रंग की दो स्कॉर्पियो गाड़ियों का इस्तेमाल करता था। पुलिस अब इन वाहनों की जब्ती की तैयारी कर रही है।

पुलिस ने वन विभाग को सौंपा

जफर से पूछताछ में कई और नाम सामने आए हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। फिलहाल आरोपी को वन विभाग के हवाले कर दिया गया है और गिरोह के सरगना फहीम बम की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here