MP में घना कोहरा और शीतलहर जारी, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी, सड़कों पर दुर्घटनाएं, बुजुर्ग की मौत और मासूम झुलसी

0
44

drnewsindia

भोपाल। मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार सुबह प्रदेश में सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया। हालात को देखते हुए राज्य के 24 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है, जबकि 4 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। वहीं, 27 जिलों में अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ, जिससे वहां बच्चों को तेज ठंड में स्कूल जाना पड़ेगा।

सोमवार सुबह भोपाल में दृश्यता महज 20 मीटर रह गई थी और कोहरा करीब सुबह 11 बजे तक छाया रहा। पचमढ़ी में गाड़ियों की सीटों पर बर्फ की परत जम गई, जबकि नौगांव सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

▶️ अलाव से झुलसी 5 माह की मासूम
निशोबर्री गांव में रविवार रात ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया। दौलतराम अहिरवार की बड़ी बेटी रितिका, अपनी 5 माह की बहन आराध्या को गोद में लेकर अलाव ताप रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से मासूम आग में गिर गई और बुरी तरह झुलस गई।
परिजन बच्ची को सदगुरु सेवा अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लौटा दिया गया। बाद में लटेरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बच्ची को गंभीर हालत में गुना रेफर किया गया।

▶️ अलाव तापते समय बुजुर्ग की मौत
भोपाल के जय प्रकाश अस्पताल में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि बुजुर्ग गार्ड के साथ अलाव के पास बैठकर आग ताप रहा था। इसी दौरान वह अचानक बेसुध होकर वहीं लेट गया। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

▶️ सीहोर में कोहरे के कारण ट्रक पलटा
सीहोर जिले में घने कोहरे के चलते एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा सुबह के समय हुआ, जब दृश्यता बेहद कम थी। गनीमत रही कि बड़ा जनहानि का मामला सामने नहीं आया, हालांकि यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

हादसे और परिवहन पर असर

घने कोहरे के कारण बड़वानी में दूध से भरा टैंकर पलट गया, जिसमें हेल्पर की मौके पर मौत हो गई।
इंदौर एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन कोहरे का असर रहा। सुबह की 10 से ज्यादा उड़ानें 1 से 3 घंटे देरी से संचालित हुईं।
दिल्ली से आने वाली मालवा, सचखंड और शताब्दी समेत कई ट्रेनें भी लेट रहीं, मालवा एक्सप्रेस 3 घंटे से ज्यादा देरी से चली।

प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। दतिया में 4.4, राजगढ़-खजुराहो में 5.4, मलाजखंड 5.5, उमरिया 5.7 और मंडला-पचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बड़े शहरों में भोपाल 6.8, ग्वालियर 6.4, इंदौर 8.6, उज्जैन 9.5 और जबलपुर 9 डिग्री रहा।

इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, शाजापुर, विदिशा, ग्वालियर, अशोकनगर, रायसेन, आगर मालवा, भिंड, टीकमगढ़, हरदा, नीमच, रतलाम, राजगढ़, मंडला, जबलपुर, दमोह, डिंडौरी, नर्मदापुरम, झाबुआ, छतरपुर, सीधी और बैतूल में अलग-अलग कक्षाओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

  • भोपाल: नर्सरी से 8वीं तक स्कूल 9:30 बजे बाद
  • धार: नर्सरी–8वीं 9:30 बजे बाद, 9वीं–12वीं यथावत
  • सीहोर: नर्सरी से 12वीं तक कक्षाएं 9:30 बजे से
  • अनूपपुर: एक पाली वाले स्कूल 11 से 4 बजे तक

मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर-जनवरी में उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं के कारण तापमान तेजी से गिरता है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से मावठा और घना कोहरा भी देखने को मिलता है। इस बार नवंबर-दिसंबर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड के बाद जनवरी में भी शीतलहर और कोहरे का दौर जारी रहने का अनुमान है।

कड़ाके की सर्दी से MP में पौधे प्रभावित, बढ़वार पर पड़ा असर

भोपाल। मध्यप्रदेश में जारी कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा और लगातार गिरते तापमान का असर अब पौधों पर भी दिखने लगा है। ठंड के कारण कई जगह पौधों की बढ़वार रुक गई है, पत्तियां मुरझाने लगी हैं और नमी की कमी से वे बीमार पड़ने लगे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, तेज ठंडी हवाओं और कम धूप की वजह से पौधों की प्राकृतिक वृद्धि प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। खासतौर पर वे पौधे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं, जो खुले स्थानों, खिड़कियों के पास या ठंडी हवा के सीधे संपर्क में हैं। कई पौधों में पत्तियों का पीला पड़ना और झड़ना भी देखा जा रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में शीतलहर और कोहरे का असर और बढ़ सकता है, जिससे पौधों को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होगी। विशेषज्ञों ने पौधों को ठंड से बचाने, सीमित पानी देने और धूप में रखने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here