drnewsindia.com
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सक्रिय मजबूत वेदर सिस्टम के चलते प्रदेश के कई इलाकों में ओलावृष्टि, तेज बारिश और आंधी का तांडव देखने को मिल रहा है। शनिवार को बैतूल, श्योपुर और मुरैना में जमकर ओले गिरे, जिससे सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।
किसानों की बढ़ी चिंता ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश की वजह से चंबल, नरसिंहपुर और बुंदेलखंड समेत कई क्षेत्रों में खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं।
आज इन जिलों में रहेगा अलर्ट मौसम विभाग ने रविवार को भी राहत के कोई संकेत नहीं दिए हैं। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, छतरपुर, रीवा, शहडोल, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम सहित 27 जिलों में 30 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
क्यों बदला मौसम? विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) सक्रिय होने के कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है। इसके असर से आने वाले 24 घंटों में दोपहर के बाद तेज हवाओं और बिजली चमकने जैसी गतिविधियां जारी रह सकती हैं।




