US ट्रेड डील पर संसद में बयान देंगे पीयूष गोयल, लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

0
3

Drnewsindia.com/नई दिल्ली। संसद के चालू बजट सत्र के छठे दिन भी लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे के कारण कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही महज पांच मिनट ही चल सकी। हालात को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

लोकसभा में जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्य वेल में आ गए और नारेबाजी करने लगे। स्पीकर ओम बिरला ने बार-बार सदस्यों से अपनी सीटों पर जाने की अपील की, लेकिन विपक्षी सांसदों ने उनकी बात नहीं मानी। लगातार शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित होती रही।

उधर, राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान भी हंगामे की स्थिति बनी रही। विपक्षी सदस्यों ने नियम 267 के तहत स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। लेफ्ट सांसद जॉन ब्रिटास ने सभापति से नियम 267 के तहत दिए गए नोटिस का हवाला देते हुए बिजनेस सस्पेंड करने की मांग की।

इसी बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर संसद के दोनों सदनों में बयान देंगे। पीयूष गोयल लोकसभा में दोपहर 12 बजे इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखेंगे। वहीं, राज्यसभा में भोजनावकाश के बाद दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू होने पर वह वही बयान दोहराएंगे।

गौरतलब है कि लगातार हंगामे के चलते बजट सत्र की कार्यवाही प्रभावित हो रही है और कई अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। ताजा अपडेट्स के लिए पाठकों को पेज रिफ्रेश करते रहने की सलाह दी गई है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here