World Para Athletics: सिमरन और निशाद ने जीते गोल्ड, भारत के खाते में अब 15 पदक

0
19

– विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने अपने दमदार प्रदर्शन से पदक तालिका में मजबूती दिखाई है। दिल्ली की सिमरन शर्मा और हिमाचल के निशाद कुमार ने क्रमश: 100 मीटर और ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतते हुए भारत के लिए दो महत्वपूर्ण गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसके साथ ही भारत अब 6 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ कुल 15 पदकों पर पहुँच गया है।

दिल्ली की सिमरन शर्मा ने महिलाओं की टी-12 100 मीटर स्पर्धा में 11.95 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ गोल्ड जीतकर दर्शकों का मन मोह लिया। सिमरन ने बताया कि उनके पिता मनोज शर्मा ने हमेशा उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सिमरन ने 200 मीटर में भी हिस्सा लेने की योजना बनाई है। जापान में हुई पिछली चैंपियनशिप में सिमरन ने 200 मीटर में स्वर्ण और 2024 पैरालंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किए थे।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊना निवासी निशाद कुमार के लिए यह स्वर्ण पदक और भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपने 26वें जन्मदिन पर पुरुषों की टी-47 ऊंची कूद में जीत दर्ज की। निशाद ने 2.14 मीटर का प्रदर्शन करते हुए एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। छह साल की उम्र में हादसे में अपना दायां हाथ गंवाने वाले निशाद ने इससे पहले टोक्यो और पेरिस पैरालंपिक में रजत, 2019 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य और 2023 में रजत पदक जीते थे।

इसके अलावा, प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर टी-35 में 30.03 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि प्रदीप कुमार ने डिस्कस थ्रो में 46.23 मीटर के प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में अब दो दिन शेष हैं और भारत जापान के कोबे में हुई पिछली चैंपियनशिप में अपने 17 पदकों के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंच चुका है।

भारत की यह पदक यात्रा न केवल देश के पैरा एथलीटों की कड़ी मेहनत को दर्शाती है, बल्कि आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद जगाती है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here