अनोखी ‘छोड़ फाड़’ प्रतियोगिता: गायों के सींगों से चमड़े का छोड़ फाड़ने का मुकाबला, देवनारायण भगवान के समय से जुड़ी है मान्यता

0
1

लोक परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त हो रही हैं, वहीं आगर-मालवा के गांवों में सदियों पुरानी एक अनूठी परंपरा आज भी जीवित है। दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और पड़वा पर ग्रामीण गौ-पूजन के साथ ‘छोड़ फाड़’ प्रतियोगिता आयोजित करते हैं। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। यह परंपरा ग्रामीण संस्कृति, आस्था और पुरानी विरासत से जुड़ी हुई है।

सींगों से चमड़े का छोड़ फाड़ने का मुकाबला
गोवर्धन पूजन के बाद गांवों में प्रतियोगिता शुरू होती है। अलग-अलग टीमें अपनी गायों के साथ मैदान में पहुंचती हैं। यहां भैंस के चमड़े से बने छोड़ को गाय के सामने रखा जाता है। इसके बाद गाय अपने सींगों से उसे फाड़ने का प्रयास करती है। जो गाय छोड़ फाड़ने में सफल होती है, उसे विजेता घोषित किया जाता है। इस मुकाबले को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

देवनारायण भगवान के समय से जुड़ी मान्यता
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इस परंपरा की शुरुआत देवनारायण भगवान के समय से हुई थी। ग्रामीण इसे केवल खेल या मनोरंजन नहीं, बल्कि गायों के बेहतर खान-पान और रखरखाव से भी जोड़कर देखते हैं। उनका मानना है कि जिस गाय का पालन-पोषण और स्वास्थ्य बेहतर होता है, वह मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करती है। इसी वजह से प्रतियोगिता की तैयारी कई दिन पहले से शुरू कर दी जाती है।

जोखिम मुकाबले
इस आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता है, लेकिन इसमें जोखिम भी रहता है। गायों की तेज हलचल के कारण प्रतियोगिता में शामिल लोगों और दर्शकों के घायल होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद क्षेत्र के कई गांवों में लोग हर साल इस परंपरा को पूरे उत्साह से निभाते हैं।

‘छोड़ फाड़’ प्रतियोगिता आज भी आगर-मालवा की ग्रामीण संस्कृति, आस्था और पुरानी विरासत की पहचान बनी हुई है। आधुनिकता के दौर में भी इस परंपरा का जारी रहना ग्रामीणों के अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने को दर्शाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here