इंदौर में गहराया जल संकट: कांग्रेस का राजबाड़ा पर उग्र प्रदर्शन, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने मेयर को कहा ‘ऐक्सिडेंटल महापौर’

0
3

drnewsindia.com

इंदौर / शहर में लगातार गहराते पानी के संकट को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। मंगलवार को कांग्रेस ने इंदौर के ऐतिहासिक राजबाड़ा पर नगर निगम और महापौर के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा खोला। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और आम जनता, विशेषकर महिलाएं खाली मटके और बोतलें लेकर प्रदर्शन करने पहुंचीं।

महापौर के इस्तीफे की मांग, लगाए नारे

धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) चीफ जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सीधे तौर पर नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर तीखा हमला बोलते हुए पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने उन्हें “ऐक्सिडेंटल महापौर” करार दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘महापौर इस्तीफा दो’ और ‘महापौर मुर्दाबाद’ के जमकर नारे लगाए।

दूषित पानी के बाद अब बूंद-बूंद को तरस रहे लोग

महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरसी सेतिया भी हाथ में खाली मटकी लेकर राजबाड़ा पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम पहले जनता को दूषित पानी सप्लाई कर रहा था और अब हालात यह हैं कि लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा, “पूरे शहर में पानी को लेकर त्राहिमाम मचा हुआ है। कई कॉलोनियों और बस्तियों में लोग दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। टैंकरों से भी आपूर्ति नहीं हो पा रही है। नगर निगम और महापौर इस संकट का समाधान खोजने में पूरी तरह विफल रहे हैं।”

मटके फोड़कर जताएंगे विरोध, पुलिस अलर्ट

प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजबाड़ा और आसपास की छतों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें भी की गईं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने खजुरी बाजार की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया।

कांग्रेस नेताओं ने एलान किया है कि राजबाड़ा पर धरने के बाद सभी कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय तक मार्च निकालेंगे और वहां मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here