गुना: म्याना में बारात के बीच खूनी खेल की कोशिश, रास्ता नहीं मिलने पर बारातियों पर चढ़ाया ट्रैक्टर; दूल्हे ने कूदकर बचाई जान

0
2

drnewsindia.com

गुना (म्याना): जिले के म्याना कस्बे में शनिवार रात एक सिरफिरे ट्रैक्टर चालक ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। साइड नहीं मिलने से नाराज चालक ने अपना आपा खो दिया और नाचते-गाते बारातियों की भीड़ पर ट्रैक्टर दौड़ा दिया। इस जानलेवा हमले के दौरान बग्गी पर सवार दूल्हे ने कूदकर अपनी जान बचाई, वहीं मौके पर मची भगदड़ में कई लोग बाल-बाल बचे।

साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, ग्राम चतराई से धाकड़ समाज की बारात शनिवार रात करीब 11 बजे म्याना पहुंची थी। बारात गाजे-बाजे के साथ सदर बाजार से म्याना चौराहे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान म्याना निवासी अंकित भदौरिया अपना ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गया। भीड़ अधिक होने के कारण उसे रास्ता नहीं मिला, जिससे वह भड़क गया और बारातियों के साथ अभद्रता करने लगा।

भीड़ पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर, दूल्हे ने बग्गी से लगाई छलांग

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी चालक ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर को सीधे बारातियों की भीड़ की ओर मोड़ दिया। ट्रैक्टर को अपनी ओर आता देख बग्गी पर बैठे दूल्हे भूपेंद्र धाकड़ ने तुरंत नीचे छलांग लगा दी। अन्य बारातियों ने भी इधर-उधर भागकर खुद को सुरक्षित किया। आरोप है कि चालक ने न केवल हमला किया, बल्कि बारातियों को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही: आरोपी गिरफ्तार

घटना के तुरंत बाद बाराती म्याना थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। म्याना थाना प्रभारी TI ब्रजमोहन भदौरिया ने बताया कि:

  • फरियादी बलवीर सिंह धाकड़ की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
  • आरोपी अंकित भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।
  • घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।
  • पुलिस ने घटना का वायरल वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर अपने कब्जे में लिया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस (BNS) की धारा 281, 296 (ए) और 351 (3) के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।


क्षेत्र की तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहें हमारी न्यूज़ वेबसाइट के साथ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here