सीहोर मंडी में मुहूर्त पर 8,100 रुपए क्विंटल बिका सोयाबीन, हनुमान ट्रेडिंग कंपनी ने की नए सीजन की पहली खरीदी

0
3

सीहोर और श्यामपुर मंडी में पहले दिन हुई नीलामी, अहमदपुर में भी शुरू हुई कृषि उपज की खरीदी

सीहोर। दिवाली अवकाश के बाद गुरुवार को जिले की कृषि उपज मंडियों में कारोबार फिर शुरू हो गया। सीहोर कृषि उपज मंडी में शुभ मुहूर्त के साथ नीलामी की शुरुआत हुई। पहले दिन सोयाबीन 8100 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिका। हनुमान ट्रेडिंग कंपनी ने शुभ मुहूर्त में सोयाबीन की खरीदी की।

वहीं गेहूं की लोकवन किस्म 3551 रुपए प्रति क्विंटल में बिकी। इसकी खरीदी ट्रेडकिंग इंटरनेशनल ने की। मक्का 3151 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिका, जिसे राम गुप्ता एंड सन ने खरीदा।

श्यामपुर कृषि उपज मंडी में भी शुभ मुहूर्त में नीलामी शुरू हुई। यहां सोयाबीन 8100 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिका। इस अवसर पर मंडी में उपज लेकर पहुंचे किसानों का साफा बांधकर सम्मान किया गया।

अहमदपुर में सोयाबीन का मॉडल भाव 6955 रुपए

अहमदपुर उपमंडी में गुरुवार को गेहूं का न्यूनतम भाव 2611 रुपए, मॉडल भाव 2635 रुपए और अधिकतम भाव 3001 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। वहीं सोयाबीन का न्यूनतम भाव 6501 रुपए, मॉडल भाव 6955 रुपए और अधिकतम भाव 7120 रुपए प्रति क्विंटल रहा।

14 और 15 नवंबर को मंडी में अवकाश

मंडी प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए नीलामी और अवकाश का कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार 12 और 13 नवंबर को सभी कृषि जिंसों की नीलामी होगी। 14 नवंबर को द्वितीय शनिवार और 15 नवंबर को रविवार होने के कारण मंडी बंद रहेगी। किसानों से अपील की गई है कि उपज लेकर आने से पहले निर्धारित कार्यक्रम का ध्यान रखें।

दिवाली के बाद मंडियों में कारोबार शुरू होने से किसानों और व्यापारियों की गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here