drnewsindia.com
दोराहा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पिछले पांच से सात दिनों से लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। भीषण गर्मी के इस दौर में अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को दोराहा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मुख्य बाजार से तहसील कार्यालय तक एक विशाल रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसीलदार सांताराव देशमुख को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
रात 2 से 3 बजे गुल हो रही बत्ती, बुजुर्ग और बच्चे परेशान
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा देर रात 2 से 3 बजे के बीच लोड शेडिंग और ओवर सेटिंग के नाम पर नियमित रूप से बिजली सप्लाई बंद की जा रही है।
- भीषण गर्मी के कारण देर रात होने वाली इस कटौती से लोगों की नींद उड़ गई है।
- सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।

3 दिन का अल्टीमेटम: बाजार बंद और उग्र आंदोलन की चेतावनी
सौंपे गए ज्ञापन में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए तत्काल प्रभाव से उचित कार्रवाई की जाए और बिजली आपूर्ति सुचारु बनाई जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि:

“यदि आगामी तीन दिनों के भीतर बिजली कटौती की समस्या में सुधार नहीं किया गया, तो क्षेत्र के ग्रामीण एकजुट होकर मुख्य बाजार बंद करेंगे और विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव करेंगे। इसके बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति की पूरी जिम्मेदारी विद्युत वितरण कंपनी की होगी।”
प्रदर्शन में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान दोराहा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कलीम पठान, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।




