पनरिया नदी पर अतिक्रमण का आरोप, पुरानी छावनी के रहवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

0
44

Drnewsindia.com / 18 दिसंबर 2025

गुना / शहर की पुरानी छावनी क्षेत्र में पनरिया नदी पर अतिक्रमण को लेकर विवाद सामने आया है। कांजी हाउस के पास रहने वाले स्थानीय निवासियों ने जैन समाज की गोशाला के प्रबंधन पर नदी की सीमा में अवैध निर्माण और बाउंड्री वॉल बनाने का आरोप लगाया है। रहवासियों का कहना है कि इस अतिक्रमण से भविष्य में भीषण बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

गुरुवार को पुरानी छावनी, कांजी हाउस के पास स्थित खटीक मोहल्ला के नागरिक बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।


नदी की सीमा में निर्माण से बढ़ेगा बाढ़ का खतरा

ज्ञापन में रहवासियों ने बताया कि उनके घरों के पास से पनरिया नदी बहती है और नदी की निर्धारित सीमा से सटी हुई जैन समाज की गोशाला स्थित है। आरोप है कि गोशाला प्रबंधन द्वारा नदी और पुलिया के पास बाउंड्री वॉल और पक्का निर्माण किया जा रहा है।

निवासियों के अनुसार, यदि यह निर्माण जारी रहा तो बारिश के दौरान नदी का पानी रुक जाएगा और आसपास के रिहायशी इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है।


पहले भी टूट चुकी है दीवार, बह गई थीं गायें

स्थानीय लोगों ने प्रशासन को बताया कि तीन साल पहले इसी गोशाला की दीवार बाढ़ के दौरान टूट गई थी, जिससे कई गायें नदी में बह गई थीं। उस समय आसपास के घरों में भी पानी भर गया था।

इस वर्ष भी क्षेत्र में बाढ़ आई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा रहवासियों को मुआवजा दिया गया, जो इस बात का प्रमाण है कि यह इलाका डूब क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद नदी की पुलिया पर दोबारा पक्का निर्माण किया जा रहा है।


बिना अनुमति हो रहा निर्माण, लोगों में आक्रोश

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गोशाला प्रबंधन के पास इस निर्माण को लेकर कोई वैधानिक अनुमति या स्वीकृति नहीं है। इसके बावजूद मनमाने तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसे जनता विरोधी कदम बताया गया है।

इस मुद्दे को लेकर स्थानीय रहवासियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।


निर्माण पर रोक लगाने की मांग

निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पनरिया नदी और पुलिया के पास हो रहे बाउंड्री वॉल निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here