drnewsindia.com
बैतूल | मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता हेमंत खंडेलवाल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल (34 वर्ष) का बुधवार दोपहर हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। सुरभि एक ‘स्पेशल चाइल्ड’ थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे प्रदेश और विशेषकर बैतूल जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
फिजियोथेरेपी के बाद बिगड़ी तबीयत
पारिवारिक सूत्रों और इलाज कर रहे विशेषज्ञों के अनुसार, सुरभि का लंबे समय से नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर के माध्यम से उपचार चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उनकी रूटीन फिजियोथेरेपी हुई थी। उपचार कर रहे आचार्य विवेक जैन ने बताया कि थेरेपी के बाद सुरभि काफी खुश थीं, उन्होंने मुस्कुराकर इशारों में बातचीत भी की और भोजन भी किया। लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक उन्हें तीव्र हार्ट अटैक आया और दोपहर 12:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

बेटी के निधन की सूचना मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तत्काल बैतूल पहुंचे। शाम 5:00 बजे बैतूल गंज स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। कोठी बाजार स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम यात्रा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीता शरण शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, भाजपा कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, और कई विधायक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदनाएं

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया (X) के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए लिखा— “सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि! ॐ शांति!”




