drnewsindia.com
भोपाल। राजधानी के पिप्लानी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ इंजीनियरिंग के एक छात्र ने छात्रा के साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रा से दोस्ती की और फिर उसे मिलने के बहाने बुलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। बुधवार रात पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम से हुई थी शुरुआत
सब इंस्पेक्टर आनंद सिंह परिहार के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता एक निजी कॉलेज की छात्रा है। करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान आयुष पसथारिया नामक युवक से हुई थी, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया।

कमरे पर ले जाकर दी जान से मारने की धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अप्रैल महीने में आरोपी आयुष ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने किराए के कमरे पर बुलाया। यहाँ आरोपी ने छात्रा के साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

लगातार शोषण से तंग आकर पहुंची थाने
पहली बार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को लगातार डराता-धमकाता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी की प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता बुधवार दोपहर पिप्लानी थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और देर रात आरोपी आयुष पसथारिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है।





