भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कपड़ा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात बैरागढ़ थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
3 सेकंड में वारदात, पीड़ित ICU में
‘रेनू श्री टेक्सटाइल्स’ के संचालक नीरज जनियानी अपने पिता के साथ दुकान खोलने के बाद बाहर एक्टिवा पर बैठे थे। इसी दौरान आए दो अज्ञात युवकों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ 5 वार किए। हमला इतना खतरनाक था कि चाकू पीठ को चीरता हुआ फेफड़े तक जा घुसा। लहूलुहान नीरज जान बचाने के लिए आगे भागे, जिसके बाद आरोपी सैनिक कॉलोनी की ओर फरार हो गए। नीरज को गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।

एक दिन पहले की थी रेकी, पुरानी रंजिश की आशंका
- CCTV में खुलासा: सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों आरोपी घटना से एक दिन पहले (रविवार) शाम 5 बजे इलाके में रेकी करते हुए दिखाई दिए हैं।
- विवाद का शक: परिजनों ने पुराने व्यापारिक लेन-देन, चेक बाउंस और दुबई से जुड़े कुछ पुराने विवादों व धमकियों की जांच की मांग की है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।





