मध्यप्रदेश इंफ्लुएंसर के तत्वावधान में दोपहर 1 बजे शुरू होगी यात्रा, 17 और 25 अगस्त को भी निकलेगी कांवड़ यात्रा

0
4

सीहोर। सावन मास में सीहोर शहर से कुबेरेश्वरधाम तक इन दिनों आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीवन नदी के तट से पवित्र जल लेकर पैदल कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। रविवार को भी हजारों श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

इसी क्रम में आज सोमवार को दोपहर 1 बजे मध्यप्रदेश इंफ्लुएंसर के तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सीहोर के सीवन नदी तट से शुरू होकर करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंचेगी। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

भोपाल से 45 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे कांवड़ यात्री

रविवार को कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु सीहोर पहुंचे। कई कांवड़ यात्रियों ने करीब 45 किलोमीटर पैदल यात्रा कर कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

बारिश की बौछारों के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कांवड़ यात्री ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मौसम की चुनौती के बावजूद शिवभक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

17 और 25 अगस्त को भी निकलेगी कांवड़ यात्रा

आयोजन के तहत 17 अगस्त और 25 अगस्त को भी सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। आयोजकों के अनुसार इन यात्राओं में मध्यप्रदेश के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

सावन मास में लगातार हो रही कांवड़ यात्राओं के कारण सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक का मार्ग आस्था, सेवा और शिवभक्ति का केंद्र बना हुआ है।

बारिश के बीच भी जारी रहा सेवा कार्य

रविवार को बारिश के बीच भी कांवड़ यात्रियों का उत्साह देखने लायक रहा। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़ते रहे। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से सेवा पंडाल लगाए गए हैं।

विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सेवादारों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और भोजन प्रसादी का वितरण किया।

25 अगस्त की यात्रा में शामिल होंगे पंडित प्रदीप मिश्रा

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि 25 अगस्त को एक बार फिर सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा स्वयं पैदल चलकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचेंगे और बाबा की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

आयोजकों के अनुसार 25 अगस्त की यात्रा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और मार्ग में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

सावन मास में सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक निकल रही ये कांवड़ यात्राएं सीहोर में आस्था, विश्वास, सेवा और शिवभक्ति का बड़ा संगम बनती जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here