‘मन की बात’ का 140वां एपिसोड: नशे के खिलाफ युवाओं की जंग, ‘संचार साथी’ ऐप और भारतीय म्यूजियम की वैश्विक उपलब्धि पर बोले पीएम मोदी

0
4

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की चुनौती, सरकारी कर्मचारियों के लिए डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, खोए हुए मोबाइल फोन तलाशने वाले ‘संचार साथी’ ऐप और भारतीय संग्रहालयों (म्यूजियम) को मिल रही वैश्विक पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

नशे के विरुद्ध समाज की सक्रियता और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’

कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने युवाओं के सामने मौजूद ‘ड्रग्स’ (नशे की लत) की चुनौती पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में भारत के युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है, लेकिन नशा उनके बड़े सपनों के रास्ते में एक बड़ी बाधा है। प्रधानमंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश में नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता तेजी से बढ़ रही है और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ जोरों पर है। कई युवाओं ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति से नशे की लत को हराकर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

‘संचार साथी’ ऐप कैसे वापस दिलाएगा खोया हुआ मोबाइल?

डिजिटल इंडिया की उपयोगिता पर बात करते हुए पीएम मोदी ने भारत सरकार के प्लेटफॉर्म ‘संचार साथी’ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि फोन खो जाने पर उसमें मौजूद जरूरी दस्तावेज, फोटो और कॉन्टैक्ट्स के जाने का डर रहता है। ऐसे में ‘संचार साथी’ बेहद मददगार साबित हो रहा है।

  • कैसे करता है काम:
  • हर मोबाइल की एक विशेष पहचान यानी IMEI नंबर होता है। पुलिस में शिकायत के साथ ही इस पोर्टल या ऐप पर IMEI नंबर और जरूरी जानकारी दर्ज कर फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है। ब्लॉक होने के बाद कोई भी व्यक्ति उस फोन में नया सिम डालकर उसका उपयोग नहीं कर पाएगा और उसे ट्रैक करना आसान हो जाता है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए ‘iGOT कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने देश के उन लाखों सरकारी कर्मचारियों की प्रशंसा की, जो 20-25 वर्षों के सेवा अनुभव के बावजूद ‘iGOT कर्मयोगी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नए कौशल सीख रहे हैं और अपनी कार्यक्षमता को बढ़ा रहे हैं।

पटना के बिहार म्यूजियम और वडनगर म्यूजियम ने रचा इतिहास

पीएम मोदी ने देशवासियों से यात्राओं के दौरान स्थानीय म्यूजियम देखने का आग्रह करते हुए भारत की दो बड़ी वैश्विक उपलब्धियों का जिक्र किया:

  • बिहार म्यूजियम (पटना):
  • दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में पटना के बिहार म्यूजियम को 9वां स्थान मिला है। पूरे एशिया में यह पहले नंबर पर है और इसने पेरिस के ‘लूव्र म्यूजियम’ तथा न्यूयॉर्क के ‘द मेट’ म्यूजियम को भी पीछे छोड़ दिया है।
  • अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम (गुजरात):

पुरातत्व विभाग की खुदाई वाली जगह पर विकसित इस अनूठे म्यूजियम में जमीन के कई मीटर नीचे तक ऐतिहासिक कालखंडों को देखा जा सकता है। यहां 5 हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां प्रदर्शित हैं। इस महीने बर्लिन में इसे डिजाइन जगत का प्रतिष्ठित ‘Red Dot: Best of the Best Award’ मिला है, जो हासिल करने वाला यह भारत का पहला म्यूजियम है। पीएम मोदी ने वडनगर को ‘गुजरात की काशी’ बताते हुए इसके हजारों साल पुराने जीवंत इतिहास का भी उल्लेख किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here