खेत में खेलते समय बच्चों ने खाए बीज, श्यामपुर स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सीहोर रेफर
drnewsindia.com /श्यामपुर । जिले के मुख्तार नगर गांव में खेत में खेल रहे छह बच्चे रतनजोत के बीज खाने के बाद बीमार हो गए। घटना उस समय हुई, जब गांव में सोयाबीन की फसल कटाई का काम चल रहा था। बच्चे खेत के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रतनजोत के फल से निकले बीज खा लिए। कुछ देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन बच्चों को तत्काल श्यामपुर के स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए सभी छह बच्चों को आगे के इलाज के लिए सीहोर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
सीहोर जिला अस्पताल में छहों बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। परिजनों के अनुसार, बीज खाने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ी थी।
घटना के बाद खेतों में मौजूद बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। सोयाबीन कटाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चे अक्सर खेतों के आसपास खेलते हैं। ऐसे में खेतों में मौजूद अनजान पौधों और उनके बीजों से बच्चों को दूर रखने की जरूरत है।




