drnewsindia.com / राजगढ
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के साथ अपहरण और लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने हाईवे पर उनकी कार रोककर उन्हें बंधक बनाया, जंगलनुमा इलाके में ले गए और हथियारों के दम पर नकदी, मोबाइल, सोने की चेन समेत कीमती सामान लूट लिया। आरोपियों ने उनसे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाने के साथ चेक पर भी हस्ताक्षर कराए।
जानकारी के अनुसार, 10 मई को दीपक शर्मा कार से भोपाल जा रहे थे। इसी दौरान बल्दी-कुरावर क्षेत्र के पास 7-8 बदमाशों ने उनकी कार रुकवाई और जबरन अपने साथ ले गए। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों के पास तलवार, चाकू और अन्य हथियार थे, जिनकी नोक पर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर रखा
दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि बदमाश करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें अपने कब्जे में रखे रहे। इस दौरान उन्हें एक सुनसान जंगलनुमा इलाके में ले जाया गया, जहां लगातार धमकाया गया। आरोपियों ने उनकी जेब में रखे करीब 15 हजार रुपए नकद छीन लिए। साथ ही मोबाइल, घड़ी, सोने की चेन और अन्य सामान भी लूट लिया।
परिवार और परिचितों से मंगवाए रुपए
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि बदमाशों ने दीपक शर्मा से खुद उनके परिवार और परिचितों को कॉल करवाए। हथियारों के डर से उन्होंने पत्नी, बेटी और अन्य लोगों से तत्काल पैसों की जरूरत बताई। इसके बाद अलग-अलग खातों से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करवाई गई।
दीपक शर्मा के अनुसार उनकी बेटी ने 3 हजार रुपए भेजे, जबकि फोनपे खाते में पहले से मौजूद करीब 12 हजार रुपए भी आरोपियों ने निकाल लिए। इसके अलावा अन्य परिचितों से भी पैसे मंगवाए गए। कुल मिलाकर आरोपियों ने करीब 61 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
चेक पर भी कराए हस्ताक्षर
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने पर्स में रखे चेक भी अपने कब्जे में ले लिए और उन पर हस्ताक्षर करवा लिए। आरोपियों ने पिस्टल दिखाने की भी धमकी दी और पूरे समय दबाव बनाए रखा।
सुनसान रास्ते पर छोड़कर फरार हुए आरोपी
वारदात के बाद आरोपी दीपक शर्मा को एक सुनसान रास्ते पर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि उनकी कार वापस कर दी गई और एक रास्ता बताकर वहां से चले गए। इसके बाद दीपक शर्मा किसी तरह रात करीब 10 बजे राजगढ़ पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जीरो पर FIR, कुरावर पुलिस कर रही जांच
मामले की शिकायत राजगढ़ कोतवाली थाने में दर्ज की गई। बाद में विवेचना के लिए प्रकरण कुरावर थाने भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा और अन्य कार्रवाई पूरी कर ली गई है। साथ ही UPI ट्रांजेक्शन और संबंधित खातों की जांच की जा रही है।
महिला कर्मचारी के कॉल पर भी जांच
मामले में एक नया एंगल भी सामने आया है। दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ दिन पहले एक महिला सरकारी कर्मचारी का उनके पास कॉल आया था। महिला उनसे मिलने और किसी काम की बात कर रही थी। घटना वाले दिन भी कॉल आने की बात सामने आई है।
पुलिस अब इस कॉल लिंक और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक किसी व्यक्ति की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




