रायसेन-भोपाल रोड पर भीषण सड़क हादसा: कार और ट्रैक्टर की टक्कर में पटवारी गंभीर रूप से घायल, CHO ने मसीहा बनकर बचाई जान

0
3
कार और ट्रैक्टर की टक्कर में पटवारी गंभीर रूप से घायल

drnewsindia.com

रायसेन। रायसेन के भोपाल रोड पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नीमखेड़ा के पास एक तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में कार सवार और गैरतगंज में पदस्थ पटवारी लालता प्रसाद कीर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर, हाथ और पैरों में काफी गंभीर चोटें आई हैं।

CHO दीपाली बेलदार ने पेश की इंसानियत की मिसाल

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं रायसेन में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) दीपाली बेलदार ने घायल पटवारी को तड़पते देखा। उन्होंने बिना वक्त गंवाए इंसानियत की मिसाल पेश की और घायल पटवारी को तुरंत अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद हमीदिया (भोपाल) रेफर

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायल पटवारी लालता प्रसाद कीर का प्राथमिक उपचार किया। लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी गंभीर चोटों और बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया है। घायल पटवारी मूल रूप से रायसेन के पटेल नगर के निवासी हैं।

सड़क पर मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद भोपाल रोड पर कुछ समय के लिए वाहनों के पहिए थम गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

CHO दीपाली बेलदार की आम जनता से अपील:

“सड़क दुर्घटनाओं में जब भी कोई घायल हो, तो तमाशबीन बनने के बजाय तुरंत मदद के लिए आगे आएं। हादसे के बाद का पहला आधा घंटा (गोल्डन ऑवर) बेहद कीमती होता है। आपकी एक छोटी सी पहल और समय पर मिली सहायता किसी की जान बचा सकती है।”


ऐसी ही और भी ताजा और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारी वेबसाइट के साथ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here