
drnewsindia.com
दांबुला (21 जून 2026): इंडिया-ए ने ट्राई नेशन वनडे सीरीज के रोमांचक फाइनल मुकाबले में श्रीलंका-ए को 66 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो महज़ 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया।
वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इस दौरान उन्होंने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर 50 ओवर क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
20 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
वैभव ने श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2006 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों में फिफ्टी बनाई थी। वहीं सीनियर वनडे इंटरनेशनल (ODI) में यह रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स और मैथ्यू फोर्ड (16 गेंद) के नाम है।

भारत ने बनाया 377 रनों का विशाल स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 377 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। वैभव की आतिशी शुरुआत के बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड ने भारतीय पारी को मजबूती दी।
प्रमुख बल्लेबाज और उनका योगदान:
- वैभव सूर्यवंशी: 94 रन (29 गेंद, 10 चौके, 8 छक्के)
- तिलक वर्मा (कप्तान): 67 रन (90 गेंद, सीरीज का चौथा अर्धशतक)
- ऋतुराज गायकवाड: 40 रन (51 गेंद)
- प्रियांश आर्या: 39 रन (29 गेंद)
- अनुकूल रॉय: 39 रन (15 गेंद, 4 छक्के)
311 रनों पर सिमटी श्रीलंकाई पारी, यश और विप्रज चमके
378 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने शुरुआती ओवरों में ही श्रीलंका के दोनों ओपनर्स (अविष्का फर्नांडो 3 रन, निरोशन डिकवेला 25 रन) को पवेलियन भेजकर मेजबान टीम की कमर तोड़ दी।
श्रीलंका की ओर से वनुजा सहान ने सबसे ज्यादा 62 रन और सदीरा समरविक्रमा ने 52 रनों की पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी श्रीलंकाई टीम 47.1 ओवर में 311 रनों पर सिमट गई। भारत के लिए यश ठाकुर और विप्रज निगम ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि अनुकूल रॉय को 2 सफलताएं मिलीं।

मैच के दौरान बड़ी दुर्घटना से बचे लंकाई खिलाड़ी
भारतीय पारी के 49वें ओवर में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अनुकूल रॉय के एक ऊंचे शॉट का कैच लेने के प्रयास में श्रीलंका के कप्तान सहान अराच्चिगे और वनुजा सहान आपस में बुरी तरह टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैदान पर स्ट्रेचर मंगाना पड़ा, हालांकि राहत की बात रही कि वनुजा बाद में अपने पैरों पर खड़े होकर फिजियो की मदद से बाहर गए।
उतार-चढ़ाव भरा रहा टीम इंडिया का सफर
इस ट्राई सीरीज में इंडिया-ए का सफर काफी रोमांचक रहा। लीग स्टेज के पहले मैच में भारत ने श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया था, लेकिन दूसरे मैच में अफगानिस्तान-ए से 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे मैच में श्रीलंका-ए ने भारत को सुपर ओवर में मात दी थी। इसके बाद जोरदार वापसी करते हुए भारत ने अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से हराकर फाइनल का टिकट कटाया और अंततः चैंपियन बनकर उभरी।

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
भारत-ए: वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या, ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, अनुकुल रॉय, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अशोक शर्मा, यश ठाकुर।
श्रीलंका-ए: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, रविंदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराच्चिगे (कप्तान), नुवानिदु फर्नांडो, वनुजा सहान, मोहम्मद शिराज, दुलाज समुधिता, विजयकांत वियासकांत, कुगाथस माथुलन।



