Drnewsindia.com
गंजबासौदा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने 12 वर्षीय बेटे के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बाइक के पीछे बांधा और करीब 100 मीटर तक घसीट दिया। बच्चा दर्द से चीखता रहा और “छोड़ दो पापा” कहकर गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुका। घटना में बच्चे के सिर, मुंह, नाक, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर में मस्ती करने पर हुआ बर्बर हमला
घटना 26 जुलाई की रात गंजबासौदा तहसील के पड़रिया शिवरामपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी 39 वर्षीय तूफान सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटे के घर में खेलने-मस्ती करने से नाराज हो गया। उसने पहले बच्चे की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बाइक के पीछे बांध दिया और गांव की सड़क पर घसीटता हुआ ले गया।

ग्रामीणों ने बचाई बच्चे की जान
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर गांव के सरपंच लक्ष्मण सिंह दांगी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी पिता की पिटाई भी कर दी।
पहले भी करता था बच्चों के साथ मारपीट
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी शराब का आदी है और अक्सर अपने बच्चों के साथ मारपीट करता था। उसकी पहली और दूसरी दोनों पत्नियां घरेलू हिंसा और शराब की लत से परेशान होकर उसे छोड़ चुकी हैं। फिलहाल चारों बच्चे पिता और उनकी मानसिक रूप से बीमार दादी के साथ रह रहे थे।

चारों बच्चों को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द
अंबानगर चौकी पुलिस ने सरपंच की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) को सूचना दी और चारों बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के संरक्षण में भेज दिया। घायल बच्चे का इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ बच्चों के साथ क्रूरता सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





