drnewsindia.com
श्यामपुर। सावन के पावन अवसर पर श्यामपुर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति से सराबोर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ियों ने पार्वती नदी से पवित्र जल लेकर धनखेड़ी, चांदबड़, शेखपुरा होते हुए निपानिया तक यात्रा की।
कांवड़ यात्रा में संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त, मातृशक्ति और महिला मंडल की श्रद्धालु शामिल हुए। हजारों ग्रामीणों ने उत्साह के साथ यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने कांवड़ियों के लिए नाश्ता और जलपान की व्यवस्था की।
हर ओर गूंजे भोलेनाथ के जयकारे
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। ढोल और भक्ति भाव के बीच पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं के उत्साह और ग्रामीणों की सेवा भावना से यात्रा का माहौल भक्तिमय बना रहा।

बाबा केदारनाथ का किया जलाभिषेक
निपानिया पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने बाबा केदारनाथ मंदिर में पवित्र जल अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। साथ ही सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।





