सीहोर। ‘जय जगन्नाथ’ के गगनभेदी जयघोषों और भक्तिमय वातावरण के साथ रविवार को सीहोर शहर पूरी तरह जगन्नाथमय हो गया। अखिल भारतीय क्षत्रिय चंद्रवंशी खाती समाज द्वारा भगवान जगदीश की भव्य और ऐतिहासिक रथ यात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलराम और बहन सुभद्रा देवी की श्रृंगारित आकर्षक प्रतिमाओं ने रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण किया, जिसके दर्शन पाने के लिए सड़कों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
5000 से अधिक भक्तों ने खींचा ‘स्वर्ण रथ’
भोपाल नाका स्थित आवासीय खेलकूद मैदान से सुबह 11 बजे रथ यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। ट्रैक्टर-ट्राली पर विशेष रूप से निर्मित स्वर्ण रथ को 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से रस्से के सहारे खींचा। भोपाल नाके से लेकर अटल बिहारी वाजपेई चौराहे तक करीब 3 किलोमीटर के मार्ग पर श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए रथ को आगे बढ़ाते रहे। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर विधिवत पूजन-अर्चन किया और महाप्रसाद ग्रहण किया।
रथ यात्रा के मुख्य आकर्षण:
पूर्व सैनिकों की अगुवाई: रथ यात्रा में खाती समाज के पूर्व भारतीय सेना के जवान हाथों में तिरंगा लिए घोड़ों पर सवार होकर सबसे आगे चल रहे थे, जो देशभक्ति और सामाजिक गौरव का संदेश दे रहे थे।
पारंपरिक वेशभूषा: चल समारोह में शामिल चंद्रवंशी खाती समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे आकर्षक पारंपरिक पगड़ी पहने और गले में पीला अंग वस्त्र डाले नजर आए।
जीवित झांकियां और भजन: बैंड, बाजे और डीजे की धुन पर जहां युवा थिरक रहे थे, वहीं चल समारोह में शामिल भगवान भोलेनाथ की जीवित झांकी और भजन गातीं महिला श्रद्धालु पूरे रास्ते आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
भव्य स्वागत और पुष्प वर्षा: शहर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर रथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। कई स्थानों पर गगनचुंबी इमारतों की छतों से श्रद्धालुओं और रथ पर फूलों की बारिश की गई।
इन मार्गों से होकर गुजरी यात्रा
चंद्रवंशी क्षत्रिय खाती समाज संगठन के संस्थापक डॉ. अजय पटेल के मार्गदर्शन में शुरू हुई यह ऐतिहासिक यात्रा भोपाल नाका से प्रारंभ होकर इंग्लिशपुरा रोड, कोतवाली चौराहा, बद्री महल चौराहा, पान चौराहा और बड़ा बाजार होते हुए करीब 3 किलोमीटर का सफर तय कर लीसा टॉकीज मैदान पहुंची। यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे शहर को भगवा झंडियों, होर्डिंग्स और आकर्षक बैनर-पोस्टरों से सजाया गया था।
लीसा टॉकीज मैदान पर सामाजिक सभा
लीसा टॉकीज मैदान पर भगवान जगदीश की विधिवत महाआरती के बाद सामाजिक सभा का आयोजन किया गया। मंच पर मुख्य रूप से संगठन संस्थापक डॉ. अजय पटेल, विधायक शैलेंद्र पटेल, अटल अस्पताल संचालक संदीप वर्मा, रमेशचंद्र मुकाती, रघुनाथ वर्मा, नानूलाल कसानिया, करणसिंह वर्मा, अमरलाल, रामप्रकाश चौधरी, ओमप्रकाश मुनीम, रमेश वर्मा, प्रहलाद पटेल खड़ी, मदनलाल, बलराम पटेल, बृजेश प्रसाद वर्मा, महेंद्र वर्मा, आकाश पम्पू वर्मा, हरीश चौधरी और तिलक खाती सहित समाज के वरिष्ठ जन उपस्थित रहे।
“मजबूत और शिक्षित समाज ही करता है प्रगति” सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अजय पटेल ने कहा कि अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय खाती समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज समाज के युवक-युवती हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एक मजबूत और शिक्षित समाज ही राष्ट्र निर्माण और पारिवारिक-सामाजिक उन्नति के पथ पर अग्रसर हो सकता है।
कई जिलों से जुटे हजारों समाजजन
इस भव्य आयोजन में सीहोर और आष्टा के स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ इंदौर, भोपाल, रायसेन, उज्जैन, शाजापुर, देवास, नरसिंहपुर, मंदसौर, विदिशा, नर्मदापुरम और हरदा जिले से बड़ी संख्या में खाती समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक बंधु सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के अंत में विशाल सामूहिक भोज (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसके बाद इस ऐतिहासिक चल समारोह का समापन हुआ।
जुड़े रहें drnewsindia.com के साथ, जहां आपको मिलती है हर छोटी-बड़ी खबर सबसे पहले और सबसे सटीक।