drnewsindia.com / vidisha
5 तोला सोना, 3 किलो चांदी और लाखों के जेवर लेकर फरार हुए चोर
विदिशा शहर की शिक्षक कॉलोनी के पास स्थित शंकरटिला गली नंबर-1 में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर में घुसकर करीब 10 से 11 लाख रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान चोरों ने बच्चों की गुल्लक तक तोड़ दी और उसमें रखे बड़े नोट निकाल लिए, जबकि चिल्लर वहीं छोड़ गए।
पीड़ित पूरन सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह पूरा परिवार अपने-अपने काम से बाहर गया हुआ था। उनकी पत्नी आंगनबाड़ी सहायिका हैं, मां भी काम पर गई थीं और दोनों बेटियां कोचिंग के लिए बाहर थीं। दोपहर करीब 2 बजे जब वे घर लौटे तो शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन अलमारी के अंदर रखे लॉकर खुले मिले और सभी जेवर गायब थे।
जानकारी के अनुसार चोर लगभग 5 तोला सोना और करीब 3 किलो चांदी के आभूषण ले गए हैं। इनमें मंगलसूत्र, झुमकी, पायल, अंगूठियां, करधन और चूड़ियां शामिल हैं। परिवार के अनुसार एक रिश्तेदार की चांदी भी घर में सुरक्षित रखी गई थी, जिसे चोर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।




