दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक महिला शिक्षक द्वारा यूट्यूबर की चप्पल से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को दिए हैं।

घटना जबेरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंझगुआ के हिनौती आजम प्राथमिक विद्यालय की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्रधान अध्यापिका सोना मरावी से एक निजी यूट्यूब चैनल संचालक पुष्पेंद्र लोधी ने स्कूल से संबंधित कुछ सवाल पूछे। सवालों से नाराज होकर शिक्षिका ने अपना आपा खो दिया और मौके पर ही यूट्यूबर को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया।

इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही शिक्षिका की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे और लोगों ने कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
मामले की जानकारी लगते ही स्थानीय विधायक एवं मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि “इस तरह का व्यवहार किसी शिक्षक को शोभा नहीं देता। जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
फिलहाल जिला शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।





