Drnewsindia.com |शहर | हमारे क्षेत्र में ऐसे कई जवान हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उनके बलिदान से ही आज देश सुरक्षित है। ऐसे राष्ट्र के वीर सपूतों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। यह बात ब्रिगेडियर विनायक वशिष्ठ ने विजय दिवस के अवसर पर शहर के शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित सम्मान समारोह में कही।
एक्स सर्विसमैन वेलफेयर सोसाइटी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के संयुक्त प्रयास से आयोजित “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रिगेडियर वशिष्ठ ने कहा कि भारतीय जवान और उनके परिवार त्याग और समर्पण की मिसाल हैं। उन्होंने नगर पालिका द्वारा किए गए इस आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
सैनिकों के योगदान पर गर्व
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि क्षेत्र के कई सैनिक अपनी सकारात्मक ऊर्जा, अनुभव और विवेक का उपयोग राष्ट्र, समाज और शहीद परिवारों के कल्याण में कर रहे हैं। यह न केवल नगर बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व की बात है।
युवा तय करते हैं राष्ट्र का भविष्य
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और समाज के वास्तविक कर्णधार होते हैं। भविष्य की दिशा और दशा तय करने में युवाओं की अहम भूमिका होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेनाएं आज आधुनिक तकनीक, उन्नत हथियारों और उच्च मनोबल के साथ देश की रक्षा में पूरी मजबूती से खड़ी हैं। साथ ही मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
शहीदों के परिजन और पूर्व सैनिक हुए सम्मानित
शहीद स्मारक स्थल, सैकड़ाखेड़ी रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम में कैप्टन सुरेंद्र खरगौन, कैप्टन प्रसाद एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने 15 शहीदों के परिजनों को पदक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही 65 सेवानिवृत्त सैनिकों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, नृत्य प्रस्तुतियां और राष्ट्रगान के साथ वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।




