सीहोर में सरिया-सीमेंट कारोबारी के प्रतिष्ठान पर स्टेट जीएसटी का छापा, दस्तावेजों की गहन जांच जारी

0
39
सीहोर में सरिया-सीमेंट कारोबारी के प्रतिष्ठान पर स्टेट जीएसटी का छापा

Drnewsindia.com |सीहोर | शहर के बिजली घर चौराहा स्थित सरिया एवं सीमेंट कारोबारी मै. खेमचंद मदनलाल मामाजी चूने वाले के प्रतिष्ठान पर बुधवार दोपहर स्टेट जीएसटी टीम ने छापेमारी की। भोपाल से आई इस टीम में एक दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल थे, जिनमें महिला अधिकारी भी मौजूद रहीं

जीएसटी टीम दोपहर के समय प्रतिष्ठान पर पहुंची और वहां मौजूद सीमेंट व सरिया के स्टॉक की जांच शुरू की। इसके साथ ही कारोबार से संबंधित बिल, वाउचर, खरीद-बिक्री रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक का दस्तावेजों से मिलान किया, वहीं कंप्यूटराइज्ड रिकॉर्ड की भी गहन पड़ताल की गई।

इस कार्रवाई के चलते कुछ समय के लिए प्रतिष्ठान की सामान्य व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। सूत्रों के अनुसार, स्टेट जीएसटी टीम टैक्स से जुड़ी संभावित अनियमितताओं की जांच कर रही है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर गोपनीयता बनाए रखी गई है और अधिकारी किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से बचते नजर आए।

बताया जा रहा है कि स्टेट जीएसटी टीम के कुछ सदस्य प्रतिष्ठान संचालक के बेटे को साथ लेकर उनके निवास और अन्य स्थानों पर भी जांच के लिए गए हैं, जहां देर शाम तक पड़ताल जारी रही।

खबर लिखे जाने तक जांच में किसी ठोस अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जीएसटी विभाग की जांच देर शाम तक चलने की संभावना जताई जा रही है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here