कजलास गांव में हुई वारदात का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; सोना-चांदी और नकदी बरामद
Drnewsindia.com सीहोर/जावर। जिले के थाना जावर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कजलास में हुई करोड़ों की बड़ी चोरी की वारदात का जावर पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने करीब 48 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का अधिकांश माल भी बरामद कर लिया गया है।
शादी में गया था परिवार, सूना घर देख उड़े होश
थाना जावर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 दिसंबर को फरियादी अतुल जैन, निवासी ग्राम कजलास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 2 दिसंबर को पारिवारिक शादी में ग्वालियर गए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अज्ञात चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 30 तोला सोना, करीब 3 किलो चांदी और 2 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए थे। इस पर थाना जावर में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी, साइबर साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी आष्टा आकाश अमलकर के मार्गदर्शन में थाना जावर की एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, साइबर साक्ष्य और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कजलास का मजदूर शादाब शाह घटना के बाद अचानक अधिक खर्च कर रहा है तथा उसने नया मोबाइल और अन्य कीमती सामान खरीदे हैं, जबकि पहले उसकी आर्थिक स्थिति सामान्य थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
संदेह के आधार पर शादाब शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपने मामा के बेटे सलमान उर्फ सुल्तान के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए आभूषण और नगदी बरामद की।
ऐसे दिया चोरी को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शादाब मिस्त्री का काम करता था और फरियादी के घर का निर्माण उसी ने किया था। उसे घर की बनावट और परिवार की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। फरियादी के बाहर जाने का फायदा उठाकर 03-04 दिसंबर की रात दोनों आरोपी नीची दीवार से चढ़कर छत पर पहुंचे, वहां लगे टीन शेड को हटाकर घर में प्रवेश किया और लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी के शेष माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जावर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।




