डकैतों ने फायरिंग की… गुलेल से आंख फोड़ी, सब्बल से मारा

0
42
सराफा बाजार में हुई डकैती से व्यापारियों में दहशत है।

राजगढ़ में सराफा बाजार में हथियारबंद डकैती, लाखों की ज्वेलरी लूटी

घटना की खबर सुनकर व्यापारी के पिता को आया हार्ट अटैक, मौत

Drnewsindia.com/ग्वालियर।राजगढ़।
राजगढ़ जिले के किला क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में बुधवार रात करीब 10 से 12 हथियारबंद डकैतों ने दहशत फैलाते हुए बड़ी डकैती को अंजाम दिया। पिस्टल, गुलेल और सब्बल से लैस बदमाशों ने दो ज्वेलरी शॉप के ताले तोड़कर लाखों रुपए की सोने-चांदी की ज्वेलरी और नकदी लूट ली। वारदात के दौरान विरोध करने पर फायरिंग भी की गई, जबकि पीछा करने वाले युवकों पर गुलेल से पत्थर बरसाए गए।


CCTV तोड़े, 1 किलो चांदी और 3 तोला सोना ले गए

डकैतों ने सबसे पहले सराफा कारोबारी राजेंद्र विजयवर्गीय की दुकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाश करीब 1 किलो चांदी, 3 तोला सोना और 3 लाख रुपए नकद समेट ले गए। पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।


दूसरी दुकान से नकदी और चांदी उड़ा ले गए

डकैतों ने अलमारी तोड़ी और इसमें रखा कैश और जेवर ले गए।

इसके बाद पास ही स्थित श्री बागेश्वर ज्वेलर्स (सचिन सोनी) का ताला तोड़ा। यहां अलमारी तोड़कर 32 हजार रुपए नकद, 200 ग्राम चांदी और औजार चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि दुकानों के ऊपर परिवार रहते हैं, फिर भी डकैत बेखौफ होकर वारदात करते रहे।


बुजुर्ग व्यापारी पर जानलेवा हमला

डकैत वारदात के बाद पास ही स्थित गोपालचंद सोनी (75) की दुकान पर पहुंचे। वे दुकान के अंदर सो रहे थे। शटर की आवाज सुनकर उन्होंने शोर मचाया तो बदमाशों ने बाहर से ही शटर के नीचे से लोहे का सब्बल अंदर घुसा दिया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। खतरा भांपते हुए बुजुर्ग ने अंदर से दूसरा ताला लगा लिया, जिससे उनकी जान बच गई।


पीछा किया तो फायरिंग, गुलेल से फोड़ी आंख

शोर सुनकर स्थानीय लोग जागे तो बदमाश बांसवाड़ा क्षेत्र की ओर भागे। भागते समय उन्होंने एक बाइक भी चोरी कर ली। अमित मेवाड़े, कमल मेवाड़े सहित कुछ युवकों ने बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग की और गुलेल से पत्थर चलाए
गुलेल का पत्थर लगने से कमल मेवाड़े की आंख फूट गई, जबकि अमित की पीठ में चोट आई। एक बदमाश को युवकों ने गिरा भी दिया था, लेकिन उसके साथी ने फायर कर उसे छुड़ा लिया। बाद में सभी बदमाश हाईवे की ओर फरार हो गए।


चोरी की खबर से व्यापारी के पिता की मौत

वारदात के बाद दुकान के बाहर स्थानीय व्यापारियों की भीड़ जुट गई।

श्री बागेश्वर ज्वेलर्स के मालिक सचिन सोनी के पिता सुंदरलाल सोनी (65) चोरी की खबर सुनकर सदमे में आ गए। उन्हें हार्ट अटैक आया। परिजन उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, उन्हें पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था।


मंदिर के पुजारी और अन्य व्यापारी भी बने निशाना

लक्ष्मीकांत मंदिर के पुजारी नरसिंह लाल लश्करी (75) ने बताया कि बाहर निकलने पर बदमाशों ने उन्हें धमकाकर अंदर रहने को कहा। वहीं हार्डवेयर व्यापारी मुर्तजा अली पर भी गुलेल से हमला किया गया।


पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमित तोलानी, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश जारी है।


अशोकनगर-गुना रोड पर भी दिनदहाड़े लूट

इसी तरह अशोकनगर-गुना रोड पर नगऊखेड़ी गांव के पास रेलवे फाटक के समीप चार नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी की स्कूटी को टक्कर मारकर 20 लाख रुपए लूट लिए। बदमाशों ने कट्टे से हवाई फायर किया और फरार हो गए।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here