बुधनी में हनुमान मंदिर के शिखर पर गिरी आसमानी बिजली, बड़ा हिस्सा टूटा; आरती की तैयारी कर रहे लोग बाल-बाल बचे

0
10

बुधनी। मध्य प्रदेश के बुधनी तहसील क्षेत्र के जलाखेड़ा गांव में रविवार रात मौसम खराब होने के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। गांव स्थित हनुमान मंदिर के शिखर पर अचानक आसमानी बिजली गिर गई। बिजली गिरने की तेज आवाज के साथ मंदिर का हाल ही में बनाया गया शिखर क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। घटना के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग गणेश आरती की तैयारी कर रहे थे। ऐसे में बिजली गिरने की घटना से कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

आरती की तैयारी के दौरान अचानक बदला मौसम

जानकारी के अनुसार घटना बुधनी तहसील के होलीपुरा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले जलाखेड़ा गांव में हुई। गांव के हनुमान मंदिर परिसर में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। रविवार रात ग्रामीण गणेश आरती की तैयारी में जुटे हुए थे। आरती में शामिल होने के लिए महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच चुके थे।

इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव आया। आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई और तेज हवाएं चलने लगीं। ग्रामीणों के मुताबिक मौसम खराब होने के कुछ ही समय बाद मंदिर के शिखर पर तेज आवाज के साथ आसमानी बिजली गिरी। बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि मंदिर परिसर में मौजूद लोग घबरा गए।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ समय के लिए लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर देखने लगे और अपने साथ मौजूद बच्चों तथा परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने लगे। हालांकि स्थिति को जल्द ही संभाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई।

ग्रामीणों ने इसे हनुमान जी की कृपा माना

गांव के ग्रामवासी रूपसिंह ने घटना को लेकर कहा कि जिस समय बिजली मंदिर के शिखर पर गिरी, उस दौरान बड़ी संख्या में लोग परिसर में मौजूद थे। इसके बावजूद किसी व्यक्ति के घायल नहीं होने को ग्रामीण हनुमान जी की कृपा मान रहे हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों में मंदिर के प्रति आस्था के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चर्चा रही। ग्रामीणों ने मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लिया। शिखर के टूटने से मंदिर की संरचना को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन प्रशासनिक जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here