धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव, विरोध पर जान से मारने की धमकी
सीहोर में चार आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस
Drnewsindia.com/श्यामपुर
सीहोर जिले के ग्राम खंडवा से नाबालिग छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी छात्र, उसके माता-पिता और एक रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले का खुलासा गुरुवार को किया।
11वीं की छात्रा पर बनाया जा रहा था दबाव
पीड़िता 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उसने महिला थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उसके साथ पढ़ने वाला सहपाठी उमर अली पिछले दो महीनों से उसे परेशान कर रहा था। आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था और मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए कह रहा था।
छात्रा के अनुसार, आरोपी उमर उसके पिता के मोबाइल नंबर पर भी कॉल करता था और इंस्टाग्राम आईडी पर अश्लील व आपत्तिजनक कमेंट्स करता था।
माता-पिता ने भी उकसाया धर्म परिवर्तन के लिए
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उमर ने तीन बार अपने माता-पिता से उसकी बात करवाई। इस दौरान उमर के माता-पिता ने छात्रा को धर्म बदलने के लिए उकसाया और निकाह करने का दबाव बनाया।
जबरन बुर्का थमाने की कोशिश, भगाने की धमकी
घटना 20 दिसंबर की है, जब आरोपी का रिश्तेदार जवैद (उमर के ताऊ का लड़का) छात्रा के पास आया। उसने छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन बुर्का थमाने की कोशिश की और कहा कि अगर दोनों प्यार करते हैं तो उसे मुस्लिम धर्म अपनाना होगा।
जवैद ने छात्रा को भगाकर ले जाने और निकाह कराने की बात भी कही। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
डर के बाद जुटाई हिम्मत, परिजनों को बताई पूरी बात
लगातार धमकियों से छात्रा मानसिक रूप से काफी डरी हुई थी। आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर सोमवार शाम अपने माता-पिता और भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर महिला थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(1), 78(1), 351(3), 3(5)
- पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12
- मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5
के तहत एफआईआर दर्ज की है।
सभी आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एसडीओपी पूजा शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी उमर अली, उसके पिता, माता और रिश्तेदार जवैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




