Drnewsindia
शमशाबाद। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद, जिला विदिशा (म.प्र.) में राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री अजय प्रताप सिंह, उप प्राचार्य श्री वी. के. तिवारी, समस्त स्टाफ एवं विद्यालय कप्तान ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अजय प्रताप सिंह, एस.डी.एम. ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का व्यक्तित्व और कृतित्व न केवल भारत, बल्कि सम्पूर्ण मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने हमें एक-दूसरे की सहायता करने और जीवन भर सीखते रहने का संदेश दिया है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित भाषण, कहानियाँ और प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन सी.सी.ए. प्रभारी एवं पी.जी.टी. अंग्रेजी श्री मनोज कुमार वर्मा ने किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को महान दार्शनिक, चिंतक, मानव सेवा के पक्षधर, तत्ववेत्ता, नवजागरण के पिता और युवा संन्यासी राष्ट्रभक्त बताया।
उप प्राचार्य श्री वी. के. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद के अनुसार शिक्षा का उद्देश्य चरित्र का गठन और बुद्धि का विकास करना है। विद्यालय की शारीरिक व्यायाम शिक्षिका श्रीमती उर्वशी चौहान ने सभी उपस्थित लोगों को सूर्य नमस्कार कराया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ में भाग लिया और उससे संबंधित प्रतिज्ञा भी दोहराई। सम्पूर्ण कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार के निर्देशन में उप प्राचार्य वी. के. तिवारी एवं उनकी सहयोगी टीम द्वारा सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





