drnewsindia
सीहोर। पीएम श्री नवोदय विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एस. बघेल एवं उपप्राचार्य रीता खत्री द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रकार रवि पुष्पद उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें योग प्रदर्शन, कैंडल डांस, ताइक्वांडो, क्लासिकल डांस और देशभक्ति गीत शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम और जोश भर दिया। कार्यक्रम का सफल संयोजन संगीत शिक्षक श्याम सुंदर भट्ट द्वारा किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के साथ आकर्षक परेड प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. बघेल ने कहा कि जब हमारे वीर सैनिक सीमा पर डटे रहते हैं, तभी हम सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ देशहित में कार्य करने का संदेश दिया तथा स्वच्छता, साक्षरता, नशा मुक्ति और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे अभियानों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अरविंद ठाकुर, नरेश मिश्रा, वाहिद हुसैन, साकेत गुप्ता, अजय गुप्ता, सुधीर यादव, कीर्तिराज सिंह, दिलीप सोलापुर, गिरीश कुमार ज्योति वाला, निर्मला राठौर, आरती प्रजापति, रूपा कुमारी, प्रिया, सीमा यादव, कविता सिकदर, साधना शर्मा, वर्गीज, वर्षा विश्वनाथ, संजय मयूर जोशी सहित विद्यालय स्टाफ व समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




