drnewsindia/ भोपाल
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि प्रकाश दुबे, उपकुलपति डॉ. संजीव गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया ध्वजारोहण के उपरांत विश्वविद्यालय की एनसीसी नेवल विंग के ऑफिसर सब लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल एवं इंस्ट्रक्टर दुर्गा वर्मा के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रध्वज को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रो. रवि प्रकाश दुबे ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यबोध की याद दिलाता है। डॉ. संजीव गुप्ता ने युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। वहीं डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के निर्माण हेतु सतत प्रयासरत है।
विश्वविद्यालय के पुस्तकालय परिसर में “एक भारत श्रेष्ठ भारत क्लब” के साइन बोर्ड का उद्घाटन कुलपति प्रो. रवि प्रकाश दुबे द्वारा किया गया।

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक भारत श्रेष्ठ भारत (EBSB) क्लब द्वारा “मेरी भाषा, मेरा हस्ताक्षर” अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, भाषाई विविधता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. पी. दुबे एवं प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव गुप्ता द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान को आगे बढ़ाने हेतु एक भारत श्रेष्ठ भारत क्लब की भूमिका की सराहना की।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. आर. पी. दुबे ने कहा कि “मेरी भाषा, मेरा हस्ताक्षर” अभियान भारतीय भाषाओं की समृद्ध विरासत और आत्मगौरव का प्रतीक है। वहीं प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव गुप्ता ने EBSB क्लब की टीम को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में ऐसे रचनात्मक और राष्ट्रहितकारी कार्यों के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रमों में आरएनटीयू कल्चरल क्लब द्वारा माइम प्रस्तुति, दुर्गेश द्वारा मधुर बाँसुरी वादन, एक भारत श्रेष्ठ भारत क्लब की ओर से लव साहू का प्रेरणादायी भाषण तथा आरएनटीयू कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों का समूह गीत विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना सहित अन्य विभागों के ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को टैगोर प्रतिभा सम्मान दिया गया जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
अवॉर्ड के अंतर्गत टेक्निकल क्लब, एनसीसी, एनएसएस, आरसीसी एवं इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड से जुड़े उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिसमें एनसीसी क्षेत्र में कैडेट कैप्टन निखिल कुमार वर्मा ने अंडमान-निकोबार में आयोजित स्पेशल नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। लीडिंग कैडेट रिशम ने लोणावला में आयोजित ऑल इंडिया एनएयू सैनिक कैंप में हेल्थ एंड हाइजीन श्रेणी में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त लीडिंग कैडेट शिवम कुमार चौबे ने अमरकंटक में आयोजित ऑल इंडिया ट्रेकिंग कैंप, लीडिंग कैडेट आयुष धुर्वे ने तेलंगाना में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप, कैडेट कृष्णा गुप्ता ने इंदौर में आयोजित एक भारत श्रेष्ठ भारत कैंप तथा कैडेट रिशिराज राजोरिया ने विशाखापत्तनम में आयोजित स्पेशल याचिंग रेगाटा एवं वाईएआई लेवल-1 एवं 2 कैंप्स में सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

एनएसएस क्षेत्र में दानिश अशरफ ने चार बार रक्तदान कर 50 से अधिक लोगों को रक्तदान हेतु प्रेरित किया तथा गोदग्रामों में एक दिवसीय शिविरों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राखी कुलस्ते ने पुणे में आयोजित नेशनल कल्चरल यूथ एक्सचेंज फेस्टिवल में सहभागिता की, जबकि रुनझुन कुमारी एवं कुंदन कुमार ने असम में आयोजित जलवायु परिवर्तन पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में युवा एवं पर्यटन विकास विषय पर सहभागिता कर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।




