भोपाल। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले एनसीसी कैडेट्स को शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में उन कैडेट्स और एनसीसी दल को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को तीसरा स्थान दिलाया। घुड़सवारी प्रतियोगिता में भी मध्यप्रदेश ने पदक हासिल कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अतिरिक्त महानिदेशक एनसीसी मेजर जनरल जेपी सिंह ने बताया कि देशभर में 17 लाख से अधिक एनसीसी कैडेट हैं, जबकि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक लाख से ज्यादा कैडेट सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है—2024 में छठा, 2025 में पांचवां और 2026 में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

समारोह में जबलपुर ग्रुप हेड क्वार्टर को “मुख्यमंत्री बैनर” देकर चैंपियन ग्रुप घोषित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रभाव विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने एनएसएस की संख्या 1.5 लाख से बढ़ाकर 3 लाख करने का लक्ष्य भी रखा और सभी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




