drnewsindia.com
अजमेर/श्रीनगर। राजस्थान के अजमेर जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। श्रीनगर थाना क्षेत्र के कानाखेड़ी में केमिकल से भरे एक मिनी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। लेकिन ड्राइवर की बहादुरी और सूझबूझ ने एक बड़ी जनहानि को रोक लिया। ट्रक आग का गोला बन चुका था, इसके बावजूद ड्राइवर उसे आबादी क्षेत्र से दूर ले गया।
चाय पीते समय लगी आग, ड्राइवर बना ‘रियल हीरो’
जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक मुंबई से एसिड (केमिकल) भरकर बहरोड़ की ओर जा रहा था। कानाखेड़ी के पास ड्राइवर परेश रावल और उसका खलासी एक रेस्टोरेंट पर चाय पीने के लिए रुके थे। उन्होंने ट्रक को एक पेड़ के नीचे खड़ा किया था, तभी अचानक ट्रक की बैटरी में शॉर्ट सर्किट हुआ और धुआं निकलने लगा।
जैसे ही ड्राइवर को आग का एहसास हुआ, वह अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़कर ट्रक की तरफ भागा। ट्रक आग का गोला बन चुका था, लेकिन परेश ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रक को स्टार्ट किया और आबादी वाले इलाके से करीब 100 मीटर दूर एक खाली स्थान पर ले जाकर खड़ा कर दिया।
एसिड के कारण आसमान में उठा धुएं का गुबार
ट्रक में बैटरी में डालने वाले एसिड के ड्रम रखे हुए थे। ज्वलनशील केमिकल होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पारुल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।
दमकल ने 1 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दमकल कर्मियों ने करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक और उसमें रखा सारा केमिकल जलकर खाक हो गया था।
शॉर्ट सर्किट बना कारण
पुलिस की प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि ड्राइवर की तत्परता की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा घनी आबादी वाले क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था।
अजमेर और राजस्थान की हर बड़ी खबर और प्रेरणादायक कहानियों के लिए drnewsindia.com के साथ जुड़े रहें।




