drnewsindia.com
शमशाबाद (विदिशा): पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से ‘बैगलेस डे’ (बस्ता मुक्त दिवस) और ‘जल संरक्षण’ पर एक विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार के कुशल निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में प्रकृति और शिक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला।

प्रकृति की गोद में पहुँचे नन्हे पर्यावरण प्रहरी
प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस विशेष अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी और कर्मचारी विद्यालय के समीप स्थित पहाड़ी पर पहुँचे। यहाँ जैव-विविधता का अवलोकन करने के साथ-साथ जल संरक्षण के महत्व को समझने के लिए एक व्यावहारिक सत्र आयोजित किया गया।
नुक्कड़ नाटक ने मोहा सबका मन
प्राकृतिक दृश्यों के बीच विद्यार्थियों ने “पानी बचाओ-जीवन बचाओ” और “जल है तो कल है” जैसे प्रेरक नारों के साथ एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इस मंचन के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि जल की एक-एक बूंद भविष्य के लिए कितनी कीमती है। पहाड़ी की वादियों में विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन को सभी ने सराहा।
सतत विकास में अपनी भूमिका निभायें: उपप्राचार्य
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के उपप्राचार्य श्री बी.के. तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “आज के समय में पानी बचाना केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आवश्यकता है। हमें प्रकृति के सतत विकास में अपना योगदान देने के लिए जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।”
अनुशासित और उत्साहपूर्ण आयोजन
प्रकृति के सानिध्य में भ्रमण के पश्चात सभी विद्यार्थियों को सुबह का नाश्ता कराया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के सीसीए (CCA) प्रभारी एवं पीजीटी अंग्रेजी श्री मनोज कुमार वर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
शिक्षा और समाज से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए हमारी वेबसाइट के साथ अपडेट रहें।




