drnewsindia.com
अशोकनगर/चंदेरी: आईपीएल (IPL) सीजन के दौरान सट्टेबाजी के खिलाफ अशोकनगर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। चंदेरी पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ऑनलाइन सट्टा गिरोह को दबोचते हुए 1 करोड़ रुपए के अवैध लेनदेन के डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिले में चल रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
तिलक ढाबे के पास चल रहा था खेल
शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उप निरीक्षक कदम सिंह मीना की टीम ने बायपास रोड स्थित तिलक ढाबा के पास दबिश दी। यहाँ घेराबंदी कर पुलिस ने दो संदिग्धों को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
पकड़े गए सट्टेबाज और बरामदगी
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- जितेंद्र धाकड़ (34): निवासी मनोहरपुरा, जिला मुरैना।
- सौरभ सैन (26): निवासी मुंगावली।
- बरामदगी: इनके पास से 3 मोबाइल फोन और सट्टे के काम में इस्तेमाल होने वाली एक महिंद्रा कार जब्त की गई है।

1 करोड़ का डिजिटल रिकॉर्ड और मास्टरमाइंड
जब पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। मोबाइल में सट्टा संचालन के कई लिंक, फर्जी आईडी और करीब 1 करोड़ रुपए के लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें सट्टे की आईडी दीपक धाकड़ (निवासी केलारस, मुरैना) से मिलती थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी निखिल पंवार फिलहाल फरार है।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
चंदेरी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रशांत यादव और साइबर सेल की टीम अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि सट्टेबाजी के इस पूरे सिंडिकेट को खत्म किया जा सके।





