drnewsindia.com/भोपाल पत्नी को महंगी कारों का शौक पूरा करने के लिए शोरूम कर्मचारी ने 23 लाख की Volkswagen Virtus GT चुराई। GPS से कार मिली, आरोपी फरार भोपाल में कार शोरूम के एक कर्मचारी ने ग्राहक के नाम पर बुक करीब 23 लाख रुपए की Volkswagen Virtus GT कार चोरी कर ली। आरोपी 28 सितंबर की रात कार लेकर फरार हो गया। शोरूम के CCTV फुटेज में उसका चेहरा साफ नहीं दिखा, लेकिन कार में लगे GPS की मदद से पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया। कार आशिमा मॉल के पास मिली, जहां आरोपी की पत्नी उसे चला रही थी। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
ग्राहक के नाम पर बुक कार लेकर हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में किराए से रहता है। आरोपी जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन कार शोरूम में करीब एक साल से काम कर रहा था। शोरूम में नौकरी करने के कारण उसे गाड़ियों की आवाजाही और वहां की व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने ग्राहक के नाम पर बुक Volkswagen Virtus GT कार चोरी करने की योजना बनाई। विवेचक ओंकार सिंह के मुताबिक, 28 सितंबर की रात आरोपी कार लेकर शोरूम से निकल गया। शुरुआत में प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं हुई। बाद में कंपनी ने जब गाड़ियों का स्टॉक मिलाया तो करीब 23 लाख रुपये कीमत की कार गायब मिली। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
GPS से मिली कार की लोकेशन
पुलिस ने जांच शुरू की तो शोरूम के CCTV फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ नजर नहीं आया। इससे उसकी पहचान करने में परेशानी हुई। हालांकि, कार में लगे GPS सिस्टम की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिल गया। शुक्रवार रात कार की लोकेशन नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां चोरी की कार खड़ी मिली। उस समय आरोपी की पत्नी कार चला रही थी। पुलिस को देखकर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया। जांच आगे बढ़ने पर शोरूम कर्मचारी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद की भूमिका सामने आई। पूछताछ में पत्नी को महंगी गाड़ियों का शौक होने और उसे पूरा करने के लिए कार चोरी करने की बात सामने आई है।
पत्नी से भी होगी पूछताछ
अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। चोरी की गई Volkswagen Virtus GT कार बरामद कर ली गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही आरोपी की पत्नी को कार चोरी होने की जानकारी थी या नहीं, इस संबंध में भी उससे पूछताछ की जाएगी।




