drnewsindia.com
बुधनी/सीहोर। नर्मदा नदी के घाटों पर रविवार की छुट्टियां मनाना एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। बुधनी के पास बेरखेड़ी घाट पर दोस्तों के साथ नहाने आए मंडीदीप के एक 18 वर्षीय युवक के गहरे पानी में डूबने की दुखद खबर सामने आई है। प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
दोस्त गहरे पानी में फंसे, एक को बचाया, दूसरा लापता
मिली जानकारी के अनुसार, मंडीदीप के खनपुरा क्षेत्र का निवासी युवक अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार दोपहर नर्मदा स्नान के लिए बेरखेड़ी घाट पहुंचा था। नहाते समय अचानक दो युवक गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूबने लगे। दोस्तों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक युवक को तो सुरक्षित बाहर खींच लिया, लेकिन दूसरा युवक पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।

मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला
हादसे की सूचना मिलते ही बुधनी तहसीलदार ललित सोनी, एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी संदीप जाट पुलिस बल के साथ तत्काल घाट पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से नदी के बड़े हिस्से में युवक की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक सफलता हाथ नहीं लगी।

अंधेरे के कारण रोका गया रेस्क्यू, सोमवार सुबह फिर शुरू होगी खोज
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि घटना दोपहर की है और देर शाम अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। सोमवार सुबह से गोताखोरों की टीम एक बार फिर नए सिरे से रेस्क्यू अभियान शुरू करेगी।
नर्मदा के घाटों पर बढ़ते हादसों के बीच प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गहरे पानी में न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।
सीहोर जिले की ताजातरीन और सटीक खबरों के लिए बने रहें drnewsindia.com के साथ।





